चाचा नेहरू की जयंती पर बच्चों ने उत्साह और उमंग के साथ मनाया बाल दिवस
सोनभद्र। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहते थे। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी शिक्षा एवं अच्छे संस्कार ही देश को आगे बढ़ाते हैं।
इसी अवसर पर माँ वैष्णो मॉडर्न पब्लिक स्कूल में बाल दिवस बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों ने तरह-तरह की दुकानें और खाने-पीने के स्टॉल लगाए। बच्चों ने स्वयं दुकानों का संचालन किया और खरीदारी एवं बिक्री का आनंद लिया। विद्यालय परिसर में मेले जैसा सुंदर और उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्य देव कुमार श्रीवास्तव ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। इस तरह के आयोजन से बच्चों में आत्मविश्वास, आपसी सहयोग, रचनात्मकता और नेतृत्व की भावना विकसित होती है। पढ़ाई के साथ-साथ ऐसी गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
विद्यालय के प्रबंधक रमाशंकर दुबे ने भी सभी बच्चों को बाल दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि हर बच्चे में एक विशेष प्रतिभा होती है। विद्यालय का प्रयास है कि बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने और कुछ नया सीखने के लिए बेहतर अवसर मिले।
कार्यक्रम के दौरान सभी बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पेन एवं मिठाइयों का वितरण किया गया। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ कार्यक्रम में भाग लिया। उनकी ओर से लगाई गई दुकानें और स्टॉल सभी के आकर्षण का केंद्र रहे। हँसी, खुशी और उल्लास के बीच बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए यादगार बन गया।इस मौके पर रीति अग्रहरि,शशिबाला सिंह,
अदिति भारद्वाज,रश्मि
शौम्या,अर्चना द्विवेदी ,उमेश चंद्र पाठक आदि लोग उपस्थित रहे।









