प्रति छात्रा 4000 रुपये का लाभ, कक्षा 6 में 60% और 9-11 में 20-20% छात्राओं का चयन
सोनभद्र। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अनुसूचित जनजाति की छात्राओं को यूनिफॉर्म एवं साइकिल योजना से लाभान्वित करने को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में चयन एवं क्रय समिति की बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने बताया शासनादेश के अनुसार प्रत्येक पात्र छात्रा को 4000 रुपये की सुविधा मिलेगी। इसमें यूनिफॉर्म के लिए 700 रुपये छात्रा या अभिभावक के खाते में भेजे जाएंगे और साइकिल के लिए 3300 रुपये की दर से जेम पोर्टल के माध्यम से निविदा कर साइकिल खरीदी जाएगी।
पात्रता के लिए पिछले वर्ष में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक जरूरी है। ग्रामीण छात्राओं को प्राथमिकता मिलेगी। कक्षा 6 की 60 प्रतिशत और कक्षा 9 व 11 की 20-20 प्रतिशत छात्राओं का चयन होगा। अनावासीय छात्राओं को हर पांच साल पर एक लेडीज साइकिल देने का प्रावधान है।
जिलाधिकारी ने बताया जाति प्रमाण पत्र, शैक्षिक अभिलेख और बैंक खाते के सत्यापन के बाद कुल 1635 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसमें कक्षा 6 से 410, कक्षा 9 से 764 और कक्षा 11 से 461 आवेदन हैं। चयन अनुपात के अनुसार कुल 684 छात्राओं का चयन प्रस्तावित है। इसमें कक्षा 6 की 410, कक्षा 9 की 137 और कक्षा 11 की 137 छात्राएं शामिल होंगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ पात्र छात्राओं के चयन और समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए।
बैठक में एडीएम वागीश कुमार शुक्ला, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, डीआईओएस जयराम सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।









