नए कनेक्शन से बिल सुधार तक होगा समाधान, बिना बिजली वाले परिवार शिविर में रखें बात
म्योरपुर / सोनभद्र। म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत बलियरी में विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान और ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत सुविधा विस्तार के लिए आज मेगा विद्युत समाधान शिविर लगाया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे पंचायत भवन, बलियरी शिव मंदिर के पास लगेगा।
इसमें ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गौड़, भाजपा पिछड़ा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। विद्युत विभाग से अधिशासी अभियंता पिपरी, उपखंड अधिकारी, अवर अभियंता कुंडाडीह और विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।
शिविर में धरती आभा जनजातीय उत्कर्ष अभियान (DAJUGA) के तहत नए विद्युतीकरण, नए विद्युत संयोजन के आवेदन, विद्युत बिल में त्रुटि संशोधन और अन्य शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा।
अवर अभियंता महेश कुमार ने सभी प्रधानों और ग्रामीणों से अपील की है कि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक सूचना पहुंचाएं और जिन परिवारों को अभी तक विद्युत सुविधा नहीं मिली है वे शिविर में आकर अपनी बात रखें।









