कंप्यूटर, सिलाई ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण, दो शिफ्ट में चलेगी क्लास
म्योरपुर / सोनभद्र। विकासखंड म्योरपुर के म्योरपुर-लिलासी मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप मंगलवार को एकल अभियान के तहत एकल ग्रामोत्थान फाउंडेशन द्वारा स्किल डेवलपमेंट सेंटर का उद्घाटन किया गया। मुख्य अतिथि पी-4 के जोनल प्रभारी सुभाष ने मां सरस्वती और मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया।
रेणुकूट अंचल अध्यक्ष अमरकेश सिंह ने बताया केंद्र में युवाओं और बच्चों को कंप्यूटर, सिलाई और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण कुशल प्रशिक्षकों द्वारा दिया जाएगा। अधिक से अधिक बच्चों को लाभ मिले इसके लिए दो शिफ्ट निर्धारित की गई हैं। दूर-दराज के गांवों के जो बच्चे केंद्र तक नहीं पहुंच सकते उनके लिए बस के माध्यम से कंप्यूटर प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है।
कार्यक्रम में भाजपा नेता सोनाबच्चा अग्रहरी, दीपक सिंह, अमरेश, पूर्व प्रधान लालता प्रसाद जायसवाल, गगन, निरुपमा देवी, बुद्धिनारायण, श्वेता सहित कई लोग उपस्थित रहे।









