बाल विवाह, घरेलू हिंसा, साइबर सुरक्षा पर चर्चा; हेल्पलाइन सहित कई योजनाओं के बारे में बताया
सोनभद्र। बुधवार को जिलाधिकारी के आदेशानुसार एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशानुसार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग की हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन टीम तथा वन स्टॉप सेंटर द्वारा विकास खंड चतरा में महिला एवं बाल सुरक्षा, अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में महिला जागरूकता चौपाल आयोजित की गई।
कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारियों ने ग्रामीणों, महिलाओं, किशोरियों को महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों, बाल विवाह की रोकथाम, घरेलू हिंसा से संरक्षण, लैंगिक समानता तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना, सखी निवास योजना, दत्तक ग्रहण इकाई, रानी लक्ष्मीबाई योजना, वन स्टॉप सेंटर, हेल्पलाइन नंबर 1098, 1076, 181, 1090, 1930, 112 आदि सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा बाल विवाह की स्थिति में संबंधित विभाग एवं हेल्पलाइन से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
गोष्ठी के दौरान बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा, नशे से बचाव तथा सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार के संबंध में भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों से महिला एवं बाल सुरक्षा के संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और समाज में सुरक्षित, सम्मानजनक एवं समान वातावरण बनाने में सहयोग की अपील की गई।
कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक नीतू यति, जेंडर एक्सपर्ट साधना मिश्रा, सीमा द्विवेदी, सेंटर मैनेजर दीपिका सिंह, समूह की महिलाएं, बालिकाएं व समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।









