LKG से 12वीं तक इसी स्कूल से पढ़ीं शिवांगी
सोनभद्र। प्रकाश जीनियस पब्लिक इंग्लिश स्कूल, रॉबर्ट्सगंज में बुधवार को विद्यालय की पूर्व छात्रा शिवांगी दुबे के सम्मान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। शिवांगी ने संघ लोक सेवा आयोग ऑल इंडिया संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा में 9वाँ स्थान प्राप्त कर विद्यालय, परिवार और जनपद का नाम रोशन किया है।
विशेष गौरव की बात यह है कि शिवांगी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा LKG से लेकर कक्षा 12वीं तक इसी विद्यालय में प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि को निरंतर परिश्रम, दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताया गया।
समारोह में विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद जैन ने कहा कि शिवांगी की सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है और यह साबित करती है कि कठिन परिश्रम और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को पाया जा सकता है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि यह सफलता विद्यालय की शैक्षणिक परंपरा और विद्यार्थियों की प्रतिभा का गौरवपूर्ण उदाहरण है। विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने के साथ उन्हें साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करनी चाहिए।
प्रधानाचार्य अंबर उपाध्याय ने कहा कि शिवांगी की सफलता उनके संघर्ष, लगन और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है। उपप्रधानाचार्य सुरेंद्र यादव ने कहा कि यह उपलब्धि वर्तमान विद्यार्थियों को मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर ऊंचे मुकाम हासिल करने का विश्वास दिलाती है।
सम्मान समारोह के दौरान लकी पांडेय, आयुषी चौबे, साक्षी गुप्ता, श्रेया, मधुरम एवं जाह्नवी मिश्रा आदि छात्राओं ने स्वागत कार्यक्रम में अहम भूमिका निभाई।
इस अवसर पर मनोज दुबे, चंदन सिंह, मनीष पांडे, मधुकर देव पांडे, अवधेश दीक्षित, योगेंद्र देव पांडे, अनुपम पांडे, सुनील श्रीवास्तव, आकांक्षा तिवारी, अपर्णा श्रीवास्तव आदि शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।









