अमित मिश्रा
O- सोनभद्र के 160 गरीब बच्चों की IIT दिल्ली तक उड़ान
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश) । उत्तर प्रदेश के आकांक्षी जनपद सोनभद्र से शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक खबर सामने आई है। आदिवासी बहुल और ग्रामीण अंचल के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 160 छात्र-छात्राओं को देश की सबसे प्रतिष्ठित संस्था IIT दिल्ली जाने का मौका मिला है। समग्र शिक्षा अभियान के तहत इन बच्चों को पांच दिवसीय एक्सपोजर विजिट पर दिल्ली भेजा गया है।
DM और CDO ने दिखाई हरी झंडी
रविवार को जिला कलेक्ट्रेट परिसर से जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान बच्चों में गजब का उत्साह देखा गया। डीएम ने बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

कौन-कौन से बच्चे हुए शामिल?
इस दल में जनपद के चार पीएम श्री (PM SHRI) विद्यालयों के बच्चे शामिल हैं –
- राजकीय इंटर कॉलेज कोन
- राजकीय इंटर कॉलेज दुद्धी
- राजकीय बालिका इंटर कॉलेज दुद्धी
- राजकीय इंटर कॉलेज चपकी
हर स्कूल से 40-40 बच्चों का चयन किया गया है।
क्या-क्या देखेंगे बच्चे?
25 से 29 अक्टूबर तक चलने वाले इस शैक्षणिक भ्रमण में बच्चे सिर्फ IIT दिल्ली ही नहीं, बल्कि नेहरू प्लैनेटेरियम, राष्ट्रपति भवन, नेशनल साइंस सेंटर और दिल्ली के अन्य ऐतिहासिक व वैज्ञानिक महत्व के स्थलों का भी भ्रमण करेंगे।
जिलाधिकारी ने बताया की –
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा, “एक्सपोजर विजिट बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक दुनिया से जोड़ती है। ऐसे भ्रमण से उनकी सोच का विस्तार होता है, जिज्ञासा बढ़ती है और बेहतर करियर की राह प्रशस्त होती है।”
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा “कि यह कार्यक्रम ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां वे बड़े शैक्षणिक संस्थानों को करीब से देख-समझ सकेंगे।”
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि पूरे भ्रमण के लिए जिला समन्वयक अरविंद सिंह चौहान को नोडल अधिकारी बनाया गया है, साथ ही हर स्कूल से 3-3 शिक्षक प्रभारी भी बच्चों के साथ रहेंगे।









