अमित मिश्रा
पात्र नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर दिया जोर।
फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं का पंजीकरण कराने के दिए निर्देश।
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में विधानसभा निर्वाचक नामावलियों में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने तथा मतदाता सूची को अद्यतन रखने के उद्देश्य से जनपद में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान संचालित किया गया। अभियान के तहत विभिन्न मतदेय स्थलों पर आयोजित विशेष कैम्प में बड़ी संख्या में युवा मतदाताओं एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों ने फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन किया। इस दौरान युवाओं में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
विशेष कैम्प के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने विधानसभा क्षेत्र 400-घोरावल के विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने घोरावल के बूथ संख्या 451, 452, 453, 458 एवं 459, प्राथमिक विद्यालय लोढ़ी, प्राथमिक विद्यालय उरमौरा, रॉबर्ट्सगंज में आयोजित विशेष कैम्प का निरीक्षण किये। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्राप्त फॉर्म-6 के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे सभी पात्र नागरिकों तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं का नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने महिलाओं सहित सभी पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने तथा फॉर्म-6 के माध्यम से आवेदन कराने में आवश्यक सहयोग प्रदान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। इसलिए पंजीकरण अभियान के दौरान पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र मतदाता अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी सहित जनपद स्तरीय अधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) ने भ्रमणशील रहकर विभिन्न मतदान केंद्रों पर फॉर्म-6 के माध्यम से किए जा रहे पंजीकरण की प्रगति का जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी चर्चित गौड़ ने जनपद के सभी पात्र नागरिकों, 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं एवं महिलाओं से अपील की है कि वे मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें।









