दिन में महिलाओं-बच्चों, शाम को परिवार सहित पहुंचे भक्त, महाआरती में उमड़ा हुजूम
म्योरपुर / सोनभद्र। शारदीय नवरात्र में गांव से लेकर शहर तक चल रहे दुर्गा पूजा पंडालों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति म्योरपुर के तत्वावधान में भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन हो रहा है। अष्टमी की शाम को पंडालों में दर्शनों का क्रम और तेज हो गया।
ग्रामीण क्षेत्रों तक सजे भव्य पंडालों में मां के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्त पंडालों में पहुंचकर हाजिरी लगा रहे हैं और माता से सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। पंडाल में रखी दुर्गा जी की भव्य प्रतिमा आकर्षण का केंद्र रही, वहीं लाइटिंग और डेकोरेशन लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
दिन के समय जहां महिलाओं और बच्चों की भीड़ अधिक देखी जा रही है, वहीं शाम को परिवार सहित लोग पंडालों का भ्रमण करने निकल रहे हैं। पूजा करा रहे पंडित जी द्वारा मां का प्रवचन सुन भक्त भाव-विभोर हुए और महाआरती में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। समिति द्वारा व्रती महिलाओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई थी।
इस दौरान कमेटी के अध्यक्ष अमित कुमार, कोषाध्यक्ष ओम अग्रहरि, महामंत्री पंकज सिंह, जितेंद्र कुमार, उपाध्यक्ष सुजीत अग्रहरि, रमाशंकर गुप्ता, सुनील कुमार, सतबीर सिंह, अभय कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।









