सीएस पाण्डेय
बभनी – अम्बिकापुर मार्ग पर रेंज आफिस से आगे हुई घटना
खोतोमहुआ से रामलीला देखकर घर लौट रहा था युवक
बभनी। थाना क्षेत्र के बभनी – अम्बिकापुर मार्ग पर रेंज आफिस के आगे शनिवार की रात दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दो युवक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी में भर्ती कराया। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेश कुमार गुप्ता पुत्र बिहारी लाल (19 वर्ष) निवासी दरनखांड़ बभनी खोतोमहुआ से रामलीला देखकर घर लौट रहा था।बभनी की तरफ से हीरालाल पुत्र भगवत (22वर्ष) निवासी कनवा विपरीत दिशा से जा रहा था कि रेंज आफिस के आगे दोनों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतना तेज था कि सुरेश गेंद की तरह सड़क पर जा गिरा और सिर पर गहरी चोट लगने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि हीरालाल और देवचंद पुत्र कैलाश (18 वर्ष) निवासी दरनखांड़ को चोटें लगीं और घायल हो गए।घटना की सूचना लोगों ने बभनी पुलिस को दी।
वही सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया जहां सुरेश को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों घायलों का उपचार जारी है।उधर मौत की खबर लगते ही परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई और कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भिजवा दिया।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









