संवैधानिक मूल्यों पर हुई चर्चा, श्रमदान से लेकर सर्वधर्म प्रार्थना तक में लिया भाग
म्योरपुर/सोनभद्र। स्थानीय ब्लॉक के गोविंदपुर स्थित सामाजिक संस्था बनवासी सेवा आश्रम में शनिवार को तीन दिवसीय युवा नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। समापन सत्र में आश्रम की मंत्री शुभा प्रेम बहन ने युवाओं को संबोधित किया।
कार्यक्रम में युवाओं ने संगठन को मजबूत बनाने, ग्राम सभा को सशक्त करने और गांव की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों के आधार पर स्थानीय समस्याओं की पहचान और समाधान के लिए युवाओं को कौशल प्रदान करना था। इसके लिए सामूहिक चर्चा और सहभागितापूर्ण अभ्यास कराए गए।
तीन दिन के दौरान श्रमदान, व्यायाम, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नारा लेखन, प्राकृतिक प्रार्थना एवं सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन हुआ। इन गतिविधियों से युवाओं ने शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन, सभी धर्मों के प्रति सम्मान और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता के महत्व को समझा।
कार्यक्रम का उद्घाटन विमल एवं शुभा प्रेम बहन द्वारा किया गया। विशेष वक्ता के रूप में ‘वी द पीपल अभियान’ से जुड़े धनंजय एवं राहुल ने युवाओं को संवैधानिक मूल्यों, संगठन निर्माण और ग्राम सभा की मजबूती पर मार्गदर्शन दिया।
आयोजन में प्रदीप पांडेय, सौरभ कुमार, रमेश, जगमती बहन, कलेक्टर सहित अन्य साथियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









