नवीन कुमार
ब्लाक सभागार में सेमिनार हुआ आयोजित
कोन(सोनभद्र/उत्तर प्रदेश)। भारत सरकार की ओर से शुरू किए गए डिजिटल स्व गणना अभियान के तहत गुरुवार को विकास खंड कोन सभागार में जागरूकता एवं प्रशिक्षण सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख रूबी मिश्रा ने अपने मोबाइल फोन से डिजिटल जनगणना फार्म भरकर किया।
सेमिनार में ग्राम प्रधानों, ग्राम विकास अधिकारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सफाई कर्मियों तथा ब्लाक के कर्मचारियों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों को डिजिटल जनगणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सरकार द्वारा जारी लिंक के माध्यम से स्वयं अपना फार्म भरने का प्रशिक्षण भी दिया गया।
खण्ड विकास अधिकारी जितेंद्र नाथ दुबे ने कहा कि डिजिटल स्व गणना अभियान का उद्देश्य जनगणना प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और तकनीकी रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति को अपनी गोपनीय जानकारी जैसे बैंक खाते से संबंधित दस्तावेज, एटीएम विवरण या ओटीपी साझा न करें। यदि कोई अधिकृत कर्मचारी घर पहुंचकर जनगणना संबंधी जानकारी मांगे तो सही जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि सरकार द्वारा संचालित इस अभियान का उद्देश्य सफल हो सके।
उन्होंने बताया कि लोग चाहें तो अपने मोबाइल फोन के माध्यम से भी स्वयं फार्म भर सकते हैं। इससे समय की बचत होगी और प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक बनेगी।
कार्यक्रम में सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुनील पाल, ग्राम विकास अधिकारी अभिषेक सिंह, अमरेंद्र प्रियदर्शी, राजेश कुमार, संजय यादव, दीपक कुमार विकास सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां व कर्मचारी मौजूद रहे।






