अवैध बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा, डंप बालू किया सीज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

सी एस पाण्डेय

O- अवैध बालू खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

बभनी (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू की अवैध ढुलाई पर शिकंजा कस दिया है। दुद्धी तहसील प्रशासन की छापेमारी में बालू से लदा एक ट्रैक्टर पकड़ा गया, जबकि सड़क किनारे डंप किए गए बालू को भी सीज कर दिया गया।

शुक्रवार को दुद्धी तहसीलदार अंजनी कुमार गुप्ता के नेतृत्व में राजस्व टीम ने बभनी क्षेत्र के कई स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान झोझवा पहाड़ी के पास से अवैध बालू लादकर बभनी की ओर आ रहे ट्रैक्टर को टीम ने पकड़ लिया। ट्रैक्टर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन राजस्व टीम ने उसे पकड़कर वाहन को पुलिस के हवाले कर दिया।

इसी दौरान बभनी–चौना रोड पर अवैध रूप से डंप किए गए बालू को भी प्रशासन ने सीज कर दिया। जब्त बालू को सुरक्षा के लिए ग्राम प्रधान की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।

तहसीलदार अंजनी कुमार गुप्ता ने बताया कि पकड़े गए ट्रैक्टर को पुलिस अभिरक्षा में देने के साथ ही मामले की सूचना खनन विभाग को भी भेज दी गई है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि क्षेत्र में किसी भी कीमत पर अवैध खनन और बालू की ढुलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि शाम होते ही नदी-नालों के रास्ते बालू लदे ट्रैक्टरों की आवाजाही फिर शुरू हो जाती है, जिससे अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाना अभी भी चुनौती बना हुआ है।

प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में अवैध खनन के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि प्राकृतिक संसाधनों की लूट पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?