सोनभद्र -। विवादित फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ को लेकर जनपद में विरोध तेज हो गया है। रविवार को कथा वाचक अवधेश कुमार मिश्रा उर्फ मनीष दास महाराज अपने समर्थकों के साथ कोतवाली रॉबर्ट्सगंज पहुंचे और फिल्म के निर्देशक नीरज पांडेय, अभिनेता मनोज बाजपेई सहित फिल्म से जुड़े अन्य सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने की मांग को लेकर तहरीर सौंपी।
मनीष दास महाराज ने बताया कि वह मूल रूप से जनपद जौनपुर के निवासी हैं और वर्तमान समय में तेजनगर उरमौरा, रॉबर्ट्सगंज में श्रीमद्भागवत कथा वाचन के लिए आए हुए हैं। उन्होंने कहा कि ओटीटी चैनल व नेटफ्लिक्स पर घूसखोर पंडत फिल्म देखने के बाद वह बेहद आहत हैं। आरोप लगाया कि फिल्म में एक जाति विशेष को अपमानित कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के साथ-साथ सनातन धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से समाज में जहर घोलकर जातीय संघर्ष का बीज बोया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि आज घूसखोर पंडत जैसी फिल्म बनाई जा रही है, तो आने वाले समय में दलाल क्षत्रिय, देशद्रोही यादव, भ्रष्ट बनिया जैसे आपत्तिजनक नामों से फिल्में बनने लगेंगी, जिससे सामाजिक समरसता को गंभीर नुकसान पहुंचेगा। ऐसे कृत्यों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
इस दौरान पवन कुमार मिश्रा, राजीव सिंह गौतम (अध्यक्ष, अधिवक्ता परिषद), विनोद कुमार शुक्ला (महामंत्री, अधिवक्ता परिषद जनपद सोनभद्र), आनंद ओझा, नवीन कुमार पांडे, आशीष कुमार पांडे, आचार्य आलोक तिवारी, अभिषेक पाठक, विनय शुक्ला, महेश शुक्ला, अरुण तिवारी, श्याम द्विवेदी सहित अन्य लोगों ने आक्रोश जताया।
पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर कोतवाली रॉबर्ट्सगंज में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की विवेचना की जा रही है।






