अमित मिश्रा
O- लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश
दुद्धी (सोनभद्र) । तहसील दुद्धी में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने की। इस दौरान उन्होंने आमजन की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र का मौके पर जाकर, दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी मामले में पक्षपात की शिकायत सही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर विवादित मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, एसडीएम निखिल यादव, डीपीआरओ नमिता शरण, डीडीओ हेमंत सिंह, डीएफओ सोनभद्र, सीओ दुद्धी, तहसीलदार अंजनी गुप्ता, बीडीओ दुद्धी रामविशाल चौरसिया, एडीओ पंचायत आशुतोष श्रीवास्तव, अजय सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोनभद्र की उपस्थिति में जिलाधिकारी द्वारा दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

जर्जर सड़क निर्माण की उठी मांग
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान ग्राम प्रधान मलदेवा सीता जायसवाल ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर दुद्धी से मलदेवा जाने वाले मार्ग के निर्माण की मांग की। ग्राम प्रधान ने बताया कि उक्त सड़क कई महीनों से जर्जर अवस्था में है, जिसकी मरम्मत के लिए बार-बार पत्राचार किया गया, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
उन्होंने बताया कि इस मार्ग से सेंट जेवियर्स स्कूल, जेम्स इंग्लिश मीडियम स्कूल, श्रीराम पब्लिक स्कूल, गणेश दत्त आईटीआई कॉलेज, मदरसा गर्ल्स कॉलेज सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और राहगीर प्रतिदिन आवागमन करते हैं, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिलाधिकारी ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।






