चंदौली जिले में नौगढ़ तहसील क्षेत्र के चुप्पेपुर गांव में गुरुवार दोपहर अचानक लगी आग ने किसान देवेश सिंह यादव के खलिहान में रखे धान के पुआल को पलभर में चपेट में ले लिया। तेज धूप और हवा के थपेड़ों ने आग को इतना भड़का दिया कि कुछ ही मिनटों में लपटें विकराल रूप धारण कर गईं। देखते ही देखते करीब 20 से 25 बीघे खेत का पुआल राख में तब्दील हो गया। आग किस कारण लगी, यह अभी साफ नहीं हो सका है।

पुआल में उठती ऊँची लपटें देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनते ही ग्रामीण बाल्टी, ड्रम, पाइप और जो भी हाथ लगा, लेकर मौके की ओर दौड़ पड़े। खेत किनारे स्थित कुएँ पर इंजन चलाकर लगातार पानी फेंका जाने लगा। तेज हवा के कारण आग कई दिशाओं में फैलने की कोशिश कर रही थी, लेकिन ग्रामीणों ने जान जोखिम में डालकर लपटों की दिशा मोड़ी और फैलने से रोकने में सफल रहे।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया, मगर तब तक किसान का पूरा पुआल जलकर खाक हो चुका था। किसान देवेश सिंह यादव ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, “आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ समझ नहीं आया। पूरा पुआल जल गया। गांव के लोगों ने साथ न दिया होता तो नुकसान और ज्यादा हो सकता था।”
घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल बना हुआ है।







