नौगढ़ के बरबसपुर में जल जमाव से ग्रामीण परेशान, स्कूली बच्चों के लिए बना बड़ी चुनौती – ग्रामीणों ने धरना-प्रदर्शन कर जताया आक्रोश

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बरबसपुर में शनिवार को ग्रामीणों ने जल जमाव और जलभराव की समस्या को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गांव में जलनिकासी की व्यवस्था ठप है, जिसके कारण हर बरसात में पानी भर जाता है और कीचड़ जमा हो जाता है। इससे न केवल ग्रामीणों का आवागमन बाधित होता है बल्कि स्कूली बच्चों के लिए विद्यालय जाना किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं रह गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि बरबसपुर चंदौली और सोनभद्र की सीमा पर बसा हुआ है। ऐसे में विकास कार्यों की अनदेखी यहां के लोगों के लिए दोहरी मुसीबत बन गई है। बारिश के दिनों में मुख्य रास्तों पर पानी और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे लोग घरों से बाहर निकलने से भी कतराने लगते हैं। बच्चों को रोज़ पढ़ाई के लिए विद्यालय तक पहुँचने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। कई बार बच्चे गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं।

धरना-प्रदर्शन में ग्रामीणों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बरसों से इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलनिकासी और सड़क की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन को और व्यापक करेंगे और जिला मुख्यालय तक धरना-प्रदर्शन ले जाएंगे।

इस मौके पर बनारसी गुप्ता, मोहम्मद इलियास, यासीन, सरफुद्दीन, सजरूननी, नीनो, सफीकुन, रुस्तम, ललू शाह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

ग्रामीणों की यह मांग है कि प्रशासन बरबसपुर में जल्द से जल्द नाली और जलनिकासी की व्यवस्था करे ताकि गांव के लोग राहत पा सकें और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1543
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?