राजन
मिर्जापुर(उत्तर प्रदेश) । फर्जी एमएम 11 का खेल प्रदेश के सभी जनपदों में खनन माफियाओं द्वारा किया जा रहा है,अभी तक छत्तीसगढ़, सिंगरौली व झारखण्ड राज्यो की परमिट पर सोनभद्र जनपद से गिट्टी और बालू बेचने का खेल सामने आता रहा है। वही खेल गैर जनपद के परिवहन प्रपत्र का उपयोग करके जिले की गिट्टी का चोरी से अवैध परिवहन कर राजस्व को क्षति पहुंचाने का मामला सामने आया है। इस मामले में जिला खनिज अधिकारी ने पट्टेधारक, क्रशर प्लान्ट मालिक और पासर सहित पांच लोगों पर अहरौरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
इस सम्बंध में खान अधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि 12 सितंबर की रात साढ़े 11 बजे अहरौरा थाना क्षेत्र में उप खनिज लदे वाहनों की जांच किया जा रहा था की जांच के दौरान तहसील चुनार स्थित ग्राम सोनपुर में उपखनिज इमरती पत्थर सैण्ड स्टोन गिट्टी भरा ट्रेलर रोका गया तो मौके से चालक वाहन को छोड़कर भाग गया।
खान अधिकारी ने बताया कि इसकी जांच के दौरान वाहन में ई एमएम-11 रमा शंकर सोनभद्र के नाम से जनपद प्रयागराज के तहसील मेजा ग्राम भटौती में पट्टा है का पाया गया। वही मौके पर वाहन स्वामी शाकिर खान और मुमताज खान पुत्र शाकिर खान निवासी अहरौरा द्वारा परमिट दिया गया। बताया कि वाहन पर सोनपुर स्थित बंसत केशर प्लांट से गिट्टी उसके द्वारा क्रय करते हुए लोड किया गया है।
पासर की भूमिका :- अधिकारियों ने बताया कि मुमताज खान द्वारा जनपद सहित अन्य जिलो में उपखनिज लदे वाहनों में अधिकारियों की लोकेशन लेते हुए उस पर गैर जनपद के ई एमएम-11 अभिवहन पास का उपयोग कर पासर का कार्य किया जाता है। जनपद प्रयागराज का रवन्ना ई एमएम 11 परमिट का उपयोग मिर्जापुर में करके मिर्जापुर की गिट्टी का चोरी से अवैध परिवहन कर राजस्व को क्षति पहुंचाई गयी है।
पुलिस का कहना :- थानाध्यक्ष अजय सेठ ने बताया कि खान अधिकारी की तहरीर पर सभाजीत, ट्रक मालिक शाकिर खान, पासर मुमताज खान, पट्टाधारक, बसंत क्रेश प्लांट के संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जिसकी जांच की जा रही है।
शासन सत्ता के नजदीक है पट्टाधारक:- पट्टेधारक/ खनन व्यवसायी प्रयागराज, महोबा सहित अन्य जिलो में खदाने संचालित है।







