अमित मिश्रा
स्कूली भाईयो को बहनों ने राखी बांधकर लिए आशीर्वाद
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। रक्षाबन्धन पर्व की पूर्व संध्या पर प्रकाश जीनियस पब्लिक इंग्लिश स्कूल में भाई-बहन के पावन रिश्ते को समर्पित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नन्हे मुन्ने बच्चों ने आपस में राखी बांधकर भाई-बहन के प्रेम और स्नेह का प्रतीक प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण “राखी बनाने की प्रतियोगिता” रही, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए विभिन्न प्रकार की सुंदर और आकर्षक राखियों को बनाया।
विद्यालय के प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद जैन ने बच्चों की रचनात्मक कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारते हैं और उन्हें भारतीय संस्कृति से जोड़ते हैं। उन्होंने सभी को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और भाई-बहन के रिश्ते में निहित त्याग, स्नेह और सुरक्षा के महत्व को रेखांकित किया।
विद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में रक्षाबंधन के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह पर्व केवल भाई-बहन का नहीं, बल्कि पूरे समाज में प्रेम और एकता का संदेश देता है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे इस पर्व की भावना को अपने जीवन में अपनाएँ और हर समय दूसरों की रक्षा व सहायता के लिए तत्पर रहें।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अम्बर उपाध्याय ने भी बच्चों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सुरेंद्र यादव, सीता पाण्डेय,अनीता सोनी, दीप्ति मिश्रा, राजनंदिनी चौबे, रागिनी शुक्ला, आंचल पटेल आदि शिक्षक और शिक्षिका उपस्थित रहे।







