O-“पेड़ हैं तो प्राण हैं” अभियान के तहत विजयगढ़ दुर्ग में आयोजित हुआ विशेष पौधारोपण कार्यक्रम
सोनभद्र । विधानसभा-401 रॉबर्ट्सगंज के ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल विजयगढ़ दुर्ग स्थित पवित्र रामसरोवर परिसर में रविवार को “पेड़ हैं तो प्राण हैं” संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भावी विधायक प्रत्याशी संदीप मिश्रा ने कांवड़ यात्रा में शामिल भोले भक्तों के साथ पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कांवड़ यात्रा के उत्साह और भक्तिमय माहौल के बीच जैसे ही संदीप मिश्रा रामसरोवर पहुंचे, बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। उन्होंने शिवभक्तों के साथ मिलकर रामसरोवर परिसर में पौधारोपण किया और सभी श्रद्धालुओं को वृक्षों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर मिश्रा ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना केवल सरकारों का नहीं, बल्कि समाज के हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि वृक्ष लगाना केवल हरियाली बढ़ाने का काम नहीं है, यह जीवन देने वाला यज्ञ है। आने वाली पीढ़ियों को एक स्वच्छ, सुरक्षित और शुद्ध वातावरण देने के लिए हमें मिलकर काम करना होगा। पेड़ हैं तो प्राण हैं, यह कोई नारा नहीं, बल्कि सच्चाई है, जिसे समझना और अपनाना समय की मांग है।

संदीप मिश्रा ने कहा कि जिस तरह कांवड़ यात्रा हमारी आस्था का प्रतीक है, उसी तरह वृक्षारोपण हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि रामसरोवर और विजयगढ़ दुर्ग जैसे पवित्र स्थानों को हरियाली से आच्छादित करना हमारे सांस्कृतिक और धार्मिक मूल्यों को संजोने का कार्य है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि शिव की कृपा से यह क्षेत्र न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा से भरपूर रहेगा, बल्कि पर्यावरण की दृष्टि से भी उदाहरण बनेगा।
उन्होंने कहा कि जब एक कांवड़िया अपने शरीर की थकावट भूलकर शिव के लिए जल लाता है, तब वही भाव हमें धरती मां की रक्षा के लिए वृक्ष लगाते समय भी रखना चाहिए। कांवड़ियों के साथ मिलकर वृक्ष लगाना एक पावन अनुभव है और यह संकल्प तभी सार्थक होगा जब हर नागरिक कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखरेख अपने बच्चे की तरह करे। उन्होंने कांवड़ यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं को उमामहेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त होने की कामना करते हुए कहा कि भगवान शिव आप सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें और यह क्षेत्र सदैव सुरक्षित और समृद्ध बना रहे।
इस अवसर पर मौजूद सभी बम जी लोगों ने भी संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की पूरी देखभाल की जाएगी ताकि भविष्य में यह रामसरोवर परिसर हरे-भरे वृक्षों से आच्छादित हो और पर्यावरण संतुलन में योगदान दे सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस पुनीत आयोजन में अशोक गोस्वामी, आकाश चौहान, सत्रुधन बिद, विजय चौहान, धीरज कनौजिया, विवेक जाटव, मुकेश धागर, अर्जुन पासवान, दिनेश प्रजापति सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता व शिवभक्त मौजूद रहे, जिन्होंने इस अभियान को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।







