चंदौली जिले के नौगढ़ तहसील के ग्राम पंचायत मंगरही और गहिला गांव में खेलकूद को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लंबी कूद और रस्साकशी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस आयोजन में ग्रामीणों, युवाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
लंबी कूद प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के बीच जबरदस्त उत्साह देखा गया। लंबी कूद प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को साइकिल, द्वितीय स्थान पर फर्राटा पंखा, और तृतीय स्थान पर इलेक्ट्रिक प्रेस पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया गया। वहीं, रस्साकसी प्रतियोगिता में विजेता टीम को टी-शर्ट और ₹2100 नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन का नेतृत्व ग्राम पंचायत मंगरही के प्रधान प्रतिनिधि अजय यादव ने किया। उन्होंने बताया कि, “इस तरह की खेलकूद प्रतियोगिताएं गांव के लोगों को एकजुट करती हैं और युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ाती हैं। हमारा प्रयास है कि हर वर्ष इस प्रकार के आयोजनों को लगातार आयोजित किया जाए, जिससे ग्रामीण प्रतिभाओं को एक मंच मिल सके।”
गांव के बुजुर्गों और महिलाओं ने भी कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज कराकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
ग्रामीणों ने इस प्रयास की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन होते रहें, इसकी मांग की।







