अमित मिश्रा
सोनभद्र । निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर बुलंद आवाज में नारेबाजी की।
वीरांगना फूलन देवी के अपमान पर आक्रोश
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला अध्यक्ष अनिकेत निषाद ने बताया कि डॉ. आशीष द्विवेदी पुत्र संतोष द्विवेदी, निवासी ग्राम सभा भीठारा, जिला जालौन (उत्तर प्रदेश) ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म (एक्स) पर वीरांगना फूलन देवी के खिलाफ अभद्र और अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है। फूलन देवी मछुआ समाज की गौरव, महिलाओं के सम्मान और सामाजिक न्याय की प्रतीक रही हैं। उनके प्रति अपशब्दों का प्रयोग न सिर्फ मछुआ समाज बल्कि निषाद, केवट, मल्लाह, बिंद, कश्यप, कहार, धीवर, रायकवार, बाथम, तुरैहा, मझवार, भर, राजभर समेत सभी पिछड़ी और वंचित जातियों की भावनाओं को ठेस पहुँचाता है।
असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग
अनिकेत निषाद ने मांग की कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर प्रथम दृष्टया रिपोर्ट दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह कृत्य निंदनीय है और इसे सहन नहीं किया जा सकता। निषाद पार्टी ने प्रशासन से अपील की कि दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएं ताकि समाज में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
कार्यकर्ताओं का आक्रोश
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए न्याय की मांग की। उन्होंने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई न होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी भी दी।
विरोध प्रदर्शन में दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिन्होंने एकजुट होकर अपनी मांगों को पुरजोर तरीके से उठाया।
– संवाददाता– अमित मिश्रा







