अमित मिश्रा
जनपद को प्लास्टिक मुक्त बनाने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर
सोनभद्र। विधानसभा के बजट सत्र में सदर विधायक भूपेश चौबे ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा करते हुए जनपद सोनभद्र को पर्यटन जिला घोषित करने की पुरजोर मांग की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संपदा, नदी-नाले, पहाड़, और प्रसिद्ध देवस्थानों से भरपूर सोनभद्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसे पर्यटन जिला घोषित कर न केवल क्षेत्र के विकास को गति दी जा सकती है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।
प्लास्टिक मुक्त सोनभद्र की अपील
विधायक भूपेश चौबे ने जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने की अपील करते हुए कहा कि जनपद में ‘प्लास्टिक मुक्त पंचायत अभियान’ चलाकर गांव-गली को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाया जाए। उन्होंने जनपद को प्लास्टिक मुक्त जिला घोषित करने की भी मांग उठाई, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बल मिल सके।
खेलकूद के लिए बड़े स्टेडियम की मांग
अपने अभिभाषण के दौरान विधायक ने कोन और चतरा ब्लॉक में युवाओं के खेलकूद के लिए बड़े स्टेडियम निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके अलावा, डाला नगर पंचायत में भी एक विशाल स्टेडियम बनाए जाने की मांग की, जिससे युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर मिलें।
खनन क्षेत्र के विस्तार पर जोर
सदर विधायक ने खनन क्षेत्र के विस्तारिकरण के लिए धारा 20 का अविलंब प्रकाशन कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में खनन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा।
ऐतिहासिक बजट को सराहा
विधायक भूपेश चौबे ने 2025-26 के बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के चौमुखी विकास को गति देने वाला और नए उत्तर प्रदेश के सपनों को साकार करने वाला है। उन्होंने इसे गरीब, किसान, महिला एवं युवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक नया अध्याय बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदृष्टि की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि यह बजट उत्तर प्रदेश के इतिहास में सबसे बड़ा बजट है। सदर विधायक ने इस ऐतिहासिक बजट के लिए जनपदवासियों और विधानसभा क्षेत्र के लोगों की ओर से वित्त मंत्री का आभार व्यक्त किया।
अधिक जानकारी के लिए जुड़े रहिए www.newsexpressbharat.in v @newsexpressbharat1 के साथ।







