राजन
पुलिस चौकी इंचार्ज व सिपाही पर आईफोन15 और 26 हजार रुपये लूटने का आरोप
अष्टभुजा पुलिस चौकी का मामला
मीरजापुर(उत्तर प्रदेश)। जनपद पुलिस के एक दरोगा और सिपाही पर एक किशोर के साथ मारपीट, गलत तरीके से हिरासत में रखना और लूट जैसे गंभीर आरोप लगने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रदर्शन किया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विंध्याचल थाना के अष्टभुजा पुलिस चौकी अंतर्गत गोपालपुर मड़गुड़ा निवासी अंकित कुमार (17 वर्ष) ने आरोप लगाया है कि 25 फरवरी को वह अष्टभुजा मंदिर के पास अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान चौकी इंचार्ज सुनील कुमार मिश्रा और एक सिपाही वहां पहुंचे और बिना किसी कारण के गाली-गलौज देना शुरू कर दिया। जिसका विरोध करने पर पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट किया और जबरन पुलिस चौकी ले जाकर दोबार पिटाई किया। पीड़ित ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसे धमकी दी गई कि यदि उसने किसी को घटना की जानकारी दी तो उसे बिजली का करंट दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक को दिये शिकायत में यह भी कहा गया है कि किशोर को करीब 24 घंटे तक अवैध रूप से हिरासत में रखा गया और इस दौरान उसका आईफोन 15 व लगभग ₹26,000 नकद भी छीन लिया गया, जो अब तक वापस नहीं किया गया है।
पीड़ित ने मामले की शिकायत राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, लखनऊ में करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। इसके साथ ही उसने मांग की है कि उसका मोबाइल और पैसे वापस दिलाए जाएं तथा आरोपित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इस प्रदर्शन में सुरेंद्र, रोमित, सोनू, हीरालाल, राजकुमार, दिलीप कुमार गुप्ता, राजेश कुमार, पंचम, रवि, मनोज कुमार, कंचन, रन्नु देवी, अजीत राम, सजीवन, नीरज, रामबाबू, जोगिंदर कुमार, रेणु देवी, आदित्य गुप्ता, आकाश गुप्ता, कमलेश कुमार, रामधनी, मोनू कुमार, जानकी, विष्णु कुमार, अनिल कुमार, रमाशंकर, हनुमान, निर्मल कुमार, संदीप कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।






