साधन सहकारी समितियों में जुड़ेंगे 15 हजार नए सदस्य

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- 12 सितंबर से शुरू होगा सदस्यता अभियान, किसानों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

सोनभद्र। जिले के किसानों के लिए बड़ी खबर है। साधन सहकारी समितियों में सदस्यता बढ़ाने के लिए 12 सितंबर से विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। एक माह चलने वाले इस अभियान के दौरान जिले भर की समितियों में 15 हजार नए सदस्य बनाए जाएंगे। सदस्य बनने वाले किसानों को रबी सीजन में खाद वितरण से लेकर अन्य सरकारी योजनाओं में वरीयता दी जाएगी।

226 रुपये में बन सकेंगे सदस्य

सदस्यता पाने के लिए किसानों को संबंधित साधन सहकारी समिति में मात्र 226 रुपये शुल्क जमा करना होगा। इसके बाद वे समिति के नियमित सदस्य बन जाएंगे। खास बात यह है कि सिर्फ ज़मीनदार किसान ही नहीं, बल्कि भूमि-विहीन लोग भी आवेदन करके सदस्यता प्राप्त कर सकेंगे।

जिले में 64 साधन सहकारी समितियां

फिलहाल सोनभद्र जिले में 64 साधन सहकारी समितियां संचालित हो रही हैं। इन समितियों के जरिए किसानों को खाद, बीज, ऋण और अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। खरीफ सीजन में खाद की किल्लत झेल चुके किसानों की समस्या को देखते हुए शासन ने इस बार बड़े पैमाने पर सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया है।

सदस्य बनने पर मिलेंगे ये लाभ

  • मात्र 3% ब्याज दर पर 3 लाख रुपये तक का अल्पकालीन फसली ऋण।
  • मत्स्यपालकों और पशुपालकों को भी कम ब्याज पर केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) सुविधा।
  • पैदावार और कृषि उत्पादों में तकनीकी एवं वित्तीय सहायता।
  • समिति में उत्तराधिकारी नामित करने का अधिकार।

किसानों के लिए सुनहरा अवसर

सदस्य बनने के बाद किसानों को न केवल खाद-बीज जैसी जरूरी सुविधाओं में प्राथमिकता मिलेगी बल्कि उन्हें सरकार की योजनाओं का भी सीधा लाभ मिलेगा। सहकारिता विभाग के अधिकारियों का मानना है कि इससे ग्रामीण अंचलों में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और बिचौलियों पर उनकी निर्भरता कम होगी।

अधिकारी का कहना

इस अभियान को लेकर देवेंद्र प्रताप सिंह, एआर कोऑपरेटिव सोनभद्र ने बताया, “जिले में 15 हजार नए सदस्य बनाने का लक्ष्य है। कोई भी वयस्क व्यक्ति, चाहे उसके पास खेती की जमीन हो या न हो, साधारण सदस्य बन सकता है। यह अभियान 12 सितंबर से 12 अक्तूबर तक चलेगा। किसानों और ग्रामीणों के लिए यह बड़ा अवसर है।”

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?