सी एस पाण्डेय
बभनी (सोनभद्र)। जिले के बभनी थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां हाईवोल्टेज बिजली लाइन का तार टूटकर खेत में गिर गया। इससे लगी भीषण आग में लगभग 15 बीघा से अधिक अरहर की खड़ी फसल जलकर पूरी तरह खाक हो गई, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना दोपहर करीब 12 बजे बभनी-अंबिकापुर मार्ग पर स्थित जियो पेट्रोल पंप और चंद्रमुखी पेट्रोल पंप के पीछे की है। हादसे में मोहम्मद पंजतन, अजय गुप्ता और संजय गुप्ता के खेत आग की चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने जैसे ही खेत में आग लगने की सूचना किसानों को दी, वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। हालात को देखते हुए तत्काल बभनी सब-स्टेशन पर सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई।
आग इतनी तेजी से फैली कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक पूरी फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।
इस घटना के बाद किसानों में आक्रोश है। प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि उन्हें हुए नुकसान की भरपाई हो सके।






