ASMC के डॉक्टरों ने लगाया आरोप- शांतिपूर्ण आंदोलन पर हुआ बल प्रयोग, दो चिकित्सक घायल, ‘कैरियर खत्म करने’ की धमकी का आरोप
सोनभद्र। स्वशासी राजकीय मेडिकल कॉलेज सोनभद्र के रेजिडेंट डॉक्टरों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में विरोध जताते हुए अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (RDA), ASMC सोनभद्र के बैनर तले डॉक्टरों ने उप मुख्यमंत्री/स्वास्थ्य मंत्री को संबोधित ज्ञापन में पुलिस द्वारा किए गए बल प्रयोग की कड़ी निंदा की।
ज्ञापन के अनुसार, प्रदेश में One Bond-One Salary की मांग को लेकर चल रहे शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया। RDA ने आरोप लगाया कि इस घटना में एक दिव्यांग चिकित्सक डॉ. सूरज के पैर में चोट आई है तथा एक अन्य चिकित्सिका के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जो बेहद दुखद और चिंताजनक है।
एसोसिएशन ने यह भी आरोप लगाया कि एक प्रशासनिक अधिकारी द्वारा डॉक्टरों को “मैं तुम्हारा कैरियर खत्म कर दूंगा” जैसी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। पत्र में कहा गया है कि चिकित्सक समाज स्वास्थ्य रक्षा के लिए समर्पित रहता है, ऐसे में अपनी उचित मांगों को लेकर आवाज उठाने वालों पर बल प्रयोग सुरक्षा, सम्मान और लोकतांत्रिक अधिकारों पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
RDA ने मांग की है कि सरकार निष्पक्ष जांच कराए, सैलरी बराबर करे, भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो और संवाद के लिए मंच उपलब्ध कराए ताकि कार्य सुचारू रूप से हो सके।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार लिखित में आदेश जारी नहीं करती, तब तक वे कैजुअल्टी/आकस्मिक सेवाओं को छोड़कर अन्य सेवाएं देने में असमर्थ हैं। इस दौरान वे सम्मान की रक्षा के लिए सहयोग के अपेक्षित हैं। इस दौरान कई लोग मौजूद रहें।









