सोनभद्र। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी महाराजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह के 170वें बलिदान दिवस पर जुलूस निकाला।
कैमूर पर्वत श्रृंखला के गांवों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री, केंद्रीय वन मंत्री, जनजाति कार्य मंत्री और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामनरेश पोया ने की, संचालन जिला महासचिव रामचंद्र टेकाम ने किया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय महामंत्री एवं यूपी प्रभारी अरविंद गोंडवाना ने कहा कि महाराजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह ने देश की आजादी के लिए प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं के नाम पर जंगल-जमीन प्रभावित होने से आदिवासी परिवारों के सामने विस्थापन और जीविकोपार्जन का संकट खड़ा हो रहा है। पेड़ों की कटाई से पर्यावरण और जीव-जंतुओं का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहा है।
युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज शाह ने युवाओं को शिक्षा-रोजगार से जोड़ने और जाति प्रमाण पत्र में आ रही दिक्कतों को दूर करने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष सुक्खू सिंह मरावी ने कहा कि कैमूर क्षेत्र में परियोजनाओं से गांवों के उजड़ने की आशंका है, बिना पुनर्वास के विस्थापन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर आरके सिंह अरमो, संतोष कुमार सेन, रमाशंकर पोया, राम सिंह पोया, कैलाशनाथ प्रजापति, हीरालाल मरपच्ची, रामकुमार मरकाम, शिवप्रसाद अरमो समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।






