सी एस पाण्डेय
O- सेवा कुंज आश्रम कारीडाड़ चपकी में सब जूनियर खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, दौड़ से लेकर लंबी कूद और शॉटपुट तक हुईं प्रतियोगिताएं
बभनी (सोनभद्र) । सेवा समर्पण संस्थान की ओर से गुरुवार को सेवा कुंज आश्रम कारीडाड़ चपकी में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में सब जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को स्थान प्राप्त हुए। तीरंदाजी प्रतियोगिता में आकाश ने 170 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ सेवा समर्पण संस्थान सोनभद्र के जिला उपाध्यक्ष देव नारायण खरवार, एडीओ कोऑपरेटिव संतोष राय और विकास दुबे ने तीर से निशाना लगाकर किया। खेल प्रमुख जितेंद्र यादव ने प्रतियोगिता की जानकारी देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजन के दौरान 100, 200, 400, 600, 800, 1500 और 3000 मीटर दौड़ के साथ लंबी कूद, शॉटपुट और तीरंदाजी की स्पर्धाएं आयोजित की गईं।
दौड़ प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
100 मीटर बालक वर्ग में जीआईसी चपकी के प्रदीप सिंह ने प्रथम, महेश ने द्वितीय और मानिक चंद ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर बालक वर्ग में आदित्य इंटर कॉलेज करमघट्टी के चंदन कुमार प्रथम, कंपोजिट विद्यालय बरवाटोला के देव सिंह द्वितीय और आदित्य इंटर कॉलेज करमघट्टी के आशुतोष तृतीय स्थान पर रहे।

100 मीटर जूनियर बालक वर्ग में जीआईसी चपकी के मनोज कुमार ने प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, सब जूनियर बालिका वर्ग की 100 मीटर दौड़ में जीआईसी चपकी की रिंकी प्रथम, जनता इंटर कॉलेज बभनी की रीना द्वितीय और स्वाती तृतीय स्थान पर रहीं।
200 मीटर सब जूनियर बालक वर्ग में अजीत कुमार ने प्रथम, सोनम सिंह ने द्वितीय और सोनू कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग की इसी स्पर्धा में आदित्य इंटर कॉलेज करमघट्टी की सोनामती प्रथम, रीता द्वितीय और कंपोजिट विद्यालय बरवाटोला की सुमन तृतीय स्थान पर रहीं।
400 मीटर दौड़ में हीरावती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि 400 मीटर बालक वर्ग में विनय कुमार प्रथम रहे। 800 मीटर दौड़ में रविचंद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया।
तीरंदाजी में आकाश ने साधा सटीक निशाना
सब जूनियर बालक वर्ग की तीरंदाजी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। इसमें आकाश ने 170 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। प्रताप सिंह 166 अंकों के साथ दूसरे, सचिन 164 अंकों के साथ तीसरे और विशाल 120 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्रवीण कुमार सिंह, श्याम चरण, संतोष यादव और जितेंद्र यादव ने निभाई। इस अवसर पर राम लखन, मिथलेश कुमार, रविन्द्र कुमार, शिव प्रसाद, यतीश कुमार और डॉ. लालजी सुमन सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और खेल के प्रति रुचि बढ़ाने का अवसर मिला।









