अमित मिश्रा
घोरावल (सोनभद्र / उत्तर प्रदेश) । सोनभद्र जिले से सामने आए एक दिल दहला देने वाले हत्याकांड में पुलिस जांच ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। 18 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में जिस पिता ने शुरुआत में गांव के लोगों पर आरोप लगाते हुए खुद को पीड़ित बताया था, वही पिता अब इस जघन्य अपराध का मुख्य आरोपी निकला है। हत्या की साजिश में मृतका की मां की भूमिका भी सामने आई है।
यह मामला घोरावल कोतवाली क्षेत्र के महुआंव पाण्डेय गांव का है, जहां कुछ दिन पूर्व एक युवती का शव उसके घर के कमरे में संदिग्ध हालत में मिला था। युवती के गले पर कसाव के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका जताई गई थी। घटना के बाद मृतका के पिता रामलखन ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के कुछ लोगों पर बेटी को परेशान करने और उसकी हत्या का शक जताया था।
जांच में बदली पूरी कहानी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल की परिस्थितियों और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच की। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि युवती की मौत किसी बाहरी हमले से नहीं, बल्कि सोते समय गला दबाकर की गई हत्या थी। पुलिस जांच में सामने आया कि यह वार किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अपने पिता ने किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पिता ने हत्या के बाद खुद को बचाने और जांच को गुमराह करने के लिए झूठी तहरीर दी थी। इस पूरे अपराध में मृतका की मां कृष्णावती भी पिता के साथ शामिल पाई गई।
दोनों आरोपी जेल भेजे गए
साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता रामलखन उर्फ रवि उर्फ बाठे और मां कृष्णावती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि विवेचना अभी जारी है और सभी तथ्यों को मजबूत साक्ष्यों के साथ अदालत में प्रस्तुत किया जाएगा।
समाज को झकझोर देने वाला मामला
यह मामला इसलिए भी बेहद संवेदनशील है क्योंकि शुरुआत में गांव के लोगों पर आरोप लगाए गए, बयान मीडिया तक पहुंचे, लेकिन जांच पूरी होने पर सच्चाई पूरी तरह अलग निकली। यह हत्याकांड एक ऐसे पारिवारिक अपराध के रूप में सामने आया है, जिसने मानवीय रिश्तों को शर्मसार कर दिया है।







