सी एस पाण्डेय
O- शिक्षा के मंदिर पर भ्रष्टाचार की छाया, सहगोड़ा में बन रहे हाई स्कूल में मानकों की खुली अनदेखी
O-भवन बनने से पहले ही गुणवत्ता पर सवाल, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
बभनी (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनी विकास खंड अंतर्गत सहगोड़ा (घघरी ग्राम पंचायत) में निर्माणाधीन हाई स्कूल भ्रष्टाचार और लापरवाही का बड़ा उदाहरण बनता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय निर्माण में खुलेआम मानकों की अनदेखी की जा रही है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं।
घटिया सामग्री से हो रहा निर्माण, नियमों की उड़ रही धज्जियां
ग्रामीणों के अनुसार:
- निर्माण में घटिया सीमेंट, बालू और सरिया का प्रयोग
- कॉलम और फाउंडेशन की मजबूती मानकों के विपरीत
- कार्यस्थल पर कोई सूचना बोर्ड नहीं, जो नियमों के खिलाफ
- टुकड़े और तीन नंबर की ईंटों के इस्तेमाल का आरोप
इस परियोजना का निर्माण यूपीसीएल के बजट से कराया जा रहा है, लेकिन शुरुआत से ही गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

ग्रामीणों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग
स्थानीय ग्रामीणों राजेश कुमार, पंकज, अजय भारती, शिवकुमार भारती, रामखेलावन, रामरूप, रामस्वरूप, सोमनाथ, वंश बहादुर, श्याम सुंदर शुक्ला समेत कई लोगों ने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो काम रुकवाकर उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी।
अधिकारी का बयान
जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह ने कहा:
“यदि निर्माण में अनियमितता पाई जाती है तो जांच कराकर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
शिक्षा के लिए बन रहे इस हाई स्कूल का निर्माण अगर इसी तरह मानकों की अनदेखी के साथ होता रहा, तो यह न केवल सरकारी धन की बर्बादी होगी बल्कि बच्चों के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ होगा।






