अमित मिश्रा
O- परेड के दौरान यूपी-112 व थाना वाहनों की भी कराई गई जांच
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने शुक्रवार को पुलिस लाइन चुर्क स्थित परेड ग्राउंड में साप्ताहिक परेड की सलामी ली और बल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जीटीसी आरक्षियों और पुलिस कर्मियों को शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई तथा अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में एसपी मीणा ने यूपी-112 की पीआरवी गाड़ियों में रखे दंगा नियंत्रण उपकरणों, फर्स्ट एड किट और अन्य सामग्रियों की जांच की। उन्होंने उपकरणों की नियमित सफाई और उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के आदेश दिए। साथ ही, उन्होंने जीटीसी मेस, पुलिस बैरक, शौचालय, कंप्यूटर कक्ष और आरटीसी स्कूल का निरीक्षण किया तथा स्वच्छता और व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा।
इस अवसर पर एसपी ने कहा कि “पुलिसकर्मियों का फिट रहना जरूरी है, क्योंकि यह उनकी कार्यक्षमता को बढ़ाता है।” उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित व्यायाम और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी।
परेड के दौरान विभिन्न थानों से आए वाहनों की भी जांच की गई और उनकी तैयारियों का आकलन किया गया। इस मौके पर कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।







