अभिषेक अग्रहरी
ओबरा, (सोनभद्र) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता को लेकर दिए गए कथित विवादित बयान के बाद देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोनभद्र जिले के ओबरा नगर में प्रदर्शन करते हुए मौलाना अब्दुल सलीम का पुतला दहन किया और कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।
ओबरा नगर स्थित सुभाष चंद्र चौक, ओबरा पर भाजपा ओबरा मंडल के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की और पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।
मंडल अध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल ने कहा कि किसी भी धार्मिक या सार्वजनिक मंच से इस प्रकार की भाषा का प्रयोग समाज में तनाव पैदा करता है और इससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की माता को लेकर की गई टिप्पणी अत्यंत आपत्तिजनक है और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी मांग की कि ऐसे मामलों में कठोर दंड का प्रावधान किया जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अमर्यादित टिप्पणी करने का साहस न कर सके। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से आरोपी के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की अपील की।
पुतला दहन के दौरान कुछ समय के लिए चौराहे पर लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई, हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष संदीप सिंह , रजत भटिया, सुपौल कन्नौजिया, प्रकाश जायसवाल , सुशील कुशवाहा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस बयान को लेकर देश के विभिन्न हिस्सों में भी विरोध प्रदर्शन देखे जा रहे हैं और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग तेज हो रही है।






