सोनभद्र। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य कार्यकारिणी सदस्य और सोनभद्र जिला कौंसिल के जिला सचिव कामरेड आर के शर्मा ने रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की बढ़ती कालाबाजारी, जमाखोरी और घरेलू उपभोक्ताओं को हो रही गंभीर परेशानियों पर चिंता व्यक्त की है।
भाकपा नेता कामरेड आर के शर्मा ने शासन प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर आम जनता को राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद शासन प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता देते हुए सिलेंडर की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कराए।
कामरेड आर के शर्मा ने आरोप लगाया कि कई गैस एजेंसियों ने ऑनलाइन बुकिंग और घर-घर डिलीवरी लगभग बंद कर दी है तथा उपभोक्ताओं को गोदाम से मनमाने दामों पर सिलेंडर लेने के लिए मजबूर किया जा रहा है, जिससे कालाबाजारी तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि यह संकट केवल आपूर्ति की कमी का नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही, अदूरदर्शिता और कुछ स्तरों पर संभावित मिलीभगत का भी परिणाम है।
भाकपा नेता ने मांग की है कि प्रशासन रसोई गैस एजेंसियों की गतिविधियों पर कड़ाई से नजर रखे और कालाबाजारी पर रोक लगाकर उपभोक्ताओं की सहुलियत के लिए गैस सिलेंडर की आसानी से होम डिलीवरी कराया जाए और जनता को राहत दिलाया जाए।






