अमित मिश्रा
सोनभद्र। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के बभनौली कलां ग्राम पंचायत में शनिवार को एक पिकअप वाहन अचानक तालाब में पलट गया। वाहन में चालक समेत दो लोग सवार थे, जिन्हें समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मिली जानकारी के अनुसार, बभनौली कलां ग्राम पंचायत के पास स्थित तालाब के किनारे से गुजरते समय पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और सीधे तालाब में जा गिरा। घटना के समय वाहन में ड्राइवर सहित दो लोग सवार थे, जो पानी में फंस गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच ग्राम प्रधान के पति अनिल यादव ने ग्रामीणों के साथ तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ग्रामीणों की तत्परता और समय रहते किए गए बचाव कार्य के कारण वाहन में सवार दोनों लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर एकत्र हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि थोड़ी भी देर हो जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल दोनों लोगों को सुरक्षित निकाल लिए जाने से गांव में राहत की सांस ली जा रही है।






