शिक्षकों के अचानक तबादले पर भड़के अभिभावक, स्कूल गेट पर प्रदर्शन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

वीरेंद्र कुमार

O- अभिभावकों ने प्रधानाचार्य से मांगा जवाब

O- अंग्रेजी और गणित शिक्षक के स्थानांतरण को बताया छात्रों के भविष्य से खिलवाड़, DIOS की टिप्पणी से नाराज़गी और भड़क उठी

विंढमगंज (सोनभद्र)। भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज, विंढमगंज में पहले से ही शिक्षकों की भारी कमी चल रही है, ऐसे में अंग्रेजी और गणित शिक्षक के अचानक हुए तबादले ने अभिभावकों में तीखी नाराज़गी पैदा कर दी। मंगलवार को बड़ी संख्या में अभिभावकों एवं समाजसेवियों ने विद्यालय गेट पर जोरदार प्रदर्शन किया और स्थानांतरण आदेश की निंदा करते हुए इसे छात्रों के भविष्य के लिए नुकसानदायक बताया।

अभिभावकों ने प्रधानाचार्य राजेश कुमार से स्पष्टीकरण मांगा। प्रधानाचार्य ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उन्हें रिलीविंग देनी पड़ी, यह उनका व्यक्तिगत निर्णय नहीं था। इसी दौरान पूर्व मंडल अध्यक्ष राकेश केसरी के प्रयास से DIOS से फोन पर कराई गई बातचीत ने अभिभावकों का आक्रोश और भड़का दिया।

DIOS द्वारा “शिक्षकों की कमी है तो कहीं से ढूंढ लीजिए” जैसी कथित टिप्पणी को अभिभावकों ने अत्यंत गैरजिम्मेदार बताया और कहा कि यदि तत्काल समाधान नहीं हुआ तो मामला मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और शिक्षा विभाग के शीर्ष अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। अभिभावकों ने बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी भी दी।

अभिभावकों ने प्रधानाचार्य को सौंपे ज्ञापन में विद्यालय की स्थिति सुधारने के लिए छह प्रमुख मांगें रखीं,

ज्ञापन में रखी गई प्रमुख माँगें

  1. अंग्रेजी शिक्षक दिनेश मणि त्रिपाठी एवं गणित शिक्षक चंदन प्रजापति के स्थानांतरण की जांच कर तत्काल नए शिक्षकों की नियुक्ति/प्रतिनियुक्ति की व्यवस्था हो।
  2. विद्यालय में प्रधानाचार्य, सहायक अध्यापक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के रिक्त पदों पर तुरंत नियमित बहाली की जाए।
  3. वर्षों से जर्जर हो चुके विद्यालय भवन को ध्वस्त कर नया भवन निर्माण कराया जाए।
  4. विद्यालय परिसर की भूमि और क्रीड़ा स्थल को संरक्षित किया जाए तथा ग्राम जामपानी स्थित विद्यालय की भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए।
  5. निष्क्रिय प्रबंध समिति की अवधि के संपूर्ण आय-व्यय की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
  6. लगभग 12 वर्षों से निष्क्रिय प्रबंध समिति को भंग कर विद्यालय को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज का दर्जा प्रदान किया जाए।

मौके पर मौजूद प्रमुख लोग

राकेश कुमार केसरी उर्फ़ बुल्लु, ओ.पी. यादव, सुरेंद्र पासवान (ग्राम प्रधान), सकरार अहमद (बसपा), मुन्नालाल पूर्व प्रधान, संजय गुप्ता, लवकुश चंद्रवंशी, ओम रावत, सुमन गुप्ता, हर्षित प्रकाश, अजय गुप्ता, जिदन लाल, दीपक गुप्ता, किशन पटवा, लक्ष्मण कुशवाहा, दिलीप मौर्य, मनीष मद्धेशिया, संजय डीजे, मुन्ना पासवान, कार्तिक चंद्रवंशी, सुभाष भारती समेत बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Comment

1347
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?