अमित मिश्रा
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। नीति आयोग के नोडल अधिकारी एवं भारत सरकार के संयुक्त सचिव (पशुपालन एवं डेयरी विभाग) डॉ. मुथु कुमार स्वामी ने गुरुवार को राबर्ट्सगंज स्थित पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर शिक्षा गुणवत्ता और महिला सशक्तिकरण को लेकर अहम निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर शिक्षा और लाइफ स्किल्स प्रशिक्षण की व्यवस्थाओं का गहन मूल्यांकन किया। छात्राओं से सीधे संवाद कर उनके शैक्षणिक स्तर, जागरूकता और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें निरंतर मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. स्वामी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें जनपद के प्रमुख ऐतिहासिक, भौगोलिक और औद्योगिक स्थलों का शैक्षिक भ्रमण कराया जाए, जिससे उनका व्यावहारिक ज्ञान बढ़े।
महिला स्वावलंबन की सराहना
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केकराही स्थित सोया मिल्क एवं पनीर (टोफू) उत्पादन इकाई का भी दौरा किया। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किए जा रहे उत्पादन, पैकेजिंग और विपणन कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
उन्होंने बताया कि सोया पनीर (टोफू) प्रोटीन, कैल्शियम और खनिजों से भरपूर होता है, जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है और लैक्टोज असहिष्णुता वाले लोगों के लिए बेहतर विकल्प है।
उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि इन उत्पादों को होटल, रेस्टोरेंट और स्थानीय बाजारों से जोड़ा जाए, जिससे महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।
रोजगार से जोड़ने पर जोर
महिलाओं द्वारा किए जा रहे सिलाई कार्य का अवलोकन करते हुए डॉ. स्वामी ने सुझाव दिया कि उन्हें विद्यालयों की यूनिफॉर्म सिलाई जैसे कार्यों से जोड़ा जाए, जिससे रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।






