सोनभद्र। जनपद के कलेक्ट्रेट सभागार में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करना तथा उनके योगदान को प्रोत्साहित करना रहा।



इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनआरएलएम विभाग, गृह विभाग (पुलिस), बाल विकास विभाग तथा महिला कल्याण विभाग से चयनित 5–5 उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सदर विधायक भूपेश चौबे उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त नगर पालिका अध्यक्ष रूबी प्रसाद, जिला भाजपा महिला अध्यक्ष पुष्पा सिंह, प्रमिला त्रिपाठी तथा मीनू चौबे ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। सभी अतिथियों ने अपने-अपने संबोधन में महिलाओं की समाज में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और परिश्रम के बल पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का लखनऊ से सीधा सजीव प्रसारण भी उपस्थित जनसमूह को दिखाया गया। मुख्यमंत्री जी ने अपने संबोधन में महिलाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला कार्यक्रम अधिकारी विनीत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, खंड शिक्षा अधिकारी राबर्ट्सगंज महेंद्र कुमार मौर्य,राजेश कुमार, दीपिका सिंह,सीडीपीओ शहर हरिमोहन तथा वन स्टॉप सेंटर की दीपिका सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।







