सोनभद्र। राजकीय महिला महाविद्यालय, रॉबर्ट्सगंज के प्रांगण में ‘वार्षिकोत्सव, युवा महोत्सव एवं प्रतिभा सम्मान समारोह-2026’ का अत्यंत हर्षोल्लास के साथ आयोजन किया गया। इस भव्य समारोह में छात्राओं ने अपनी शैक्षणिक और सांस्कृतिक प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि प्रो. प्रमोद कुमार (प्राचार्य, राजकीय पी.जी. कॉलेज, ओबरा) ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रो. कुमार ने कहा, “युवा महोत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में शिक्षा और आत्म-सम्मान सबसे बड़े अस्त्र हैं।” सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम की संयोजक प्रोफेसर वंदना कुमारी के कुशल निर्देशन में छात्राओं ने सरस्वती वंदना, लोक नृत्य, नाटक और देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। युवा महोत्सव के अंतर्गत वर्ष भर आयोजित हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। ‘प्रतिभा सम्मान’ के अंतर्गत प्रत्येक सेमेस्टर में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा को तथा प्रत्येक सेमेस्टर में विषयवार सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।संयोजक का वक्तव्य: कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए संयोजक प्रोफेसर वंदना कुमारी ने कहा कि महाविद्यालय छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्राओं को कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ0 गिरीश कुमार, डॉ0 दिलीप कुमार सिंह, डॉ0 बृजेश कुमार यादव तथा कार्यालय के कार्मिक ममता चौहान, सिद्धार्थ मौर्य, श्रवण कुमार, गीता आदि उपस्थित रहें। इस कार्यक्रम का सफल संचालन प्रताप कुमार पाल के द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ0 वंदना ने आए हुए सभी अतिथियों, मुख्य अतिथि, छात्राओं के प्रति आभार प्रकट किया।






