रामगढ़,सोनभद्र –। जिले के विजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गिरियां में शुक्रवार को नव निर्मित शिव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले विराट रुद्र महायज्ञ एवं शिवपुराण कथा के शुभारंभ अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। भिक्षु भिखारी बाबा जंगली दास के सानिध्य में निकली इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं व श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा मंदिर परिसर से प्रारंभ होकर गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः यज्ञ स्थल पर पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान सिर पर कलश लिए महिलाएं भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए चल रही थीं। वहीं श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों व भजन-कीर्तन के साथ शोभायात्रा में शामिल हुए। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था और वातावरण हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा।
आयोजकों ने बताया कि नव निर्मित शिव मंदिर में 6 मार्च से 14 मार्च 2026 तक विराट रुद्र महायज्ञ एवं शिवपुराण कथा का आयोजन किया गया है। इस दौरान कथावाचक के रूप में स्वामी लीलानंद परमहंस (वृंदावन) श्रद्धालुओं को शिवपुराण कथा का अमृतपान कराएंगे।


आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम के तहत 9 मार्च को मंदिर प्राण प्रतिष्ठा, 13 मार्च को उपनयन संस्कार तथा 14 मार्च को यज्ञोपर्ण व विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य व ग्रामीण सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं।
कार्यक्रम के संयोजक कृष्ण कुमार मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की भावना से किया जा रहा है।
इस अवसर पर अविनाश शुक्ला, प्रवीण कुमार मिश्र, लालजी मिश्र, अवधनाथ मिश्र, मृत्युंजय मिश्र, विरेन्द्र मिश्र, रामनरायण मिश्र, आलोक कुमार मिश्र, विजय कुमार मिश्र, अनिल मिश्र (एड.), सुधीर मिश्र, सुजीत मिश्र (एड.), आशीष मिश्र सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण व आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।





