विरेन्द्र कुमार
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के धुमा गांव में अखिल भारतीय भुइयां समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में मां शबरी जयंती बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा-भाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश भुइयां ने किया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि बसपा विधानसभा प्रभारी दुद्धी संजय गोंड, उपाध्यक्ष सेकरार अहमद, विशिष्ट अतिथि झारखंड के पलामू लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी ममता भुइयां तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रभात भुइयां ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
अपने संबोधन में संजय गोंड ने कहा कि मां शबरी ने अपने सच्चे आचरण और निष्कलंक भक्ति से भगवान राम को अपनी कुटिया तक आने को विवश कर दिया था। उनका जीवन प्रेम, समर्पण और सामाजिक एकता की अनुपम मिसाल है।
वहीं ममता भुइयां ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। उन्होंने समाज से संगठित होकर बेटियों की शिक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को प्राथमिकता देने की अपील की।
कार्यक्रम में भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। देर रात तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
इस अवसर पर पप्पू भुइयां, सुभाष भारती, रामनाथ भुइयां (ग्राम प्रधान संरक्षक दुद्धी) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संतोष भुइयां ने किया। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया।






