अमित मिश्रा
O- संघर्ष मोर्चा ने उठाई 20 कुंटल प्रति बीघा की मांग
O- घोरावल क्षेत्र में निरीक्षण के बाद शाहगंज-डोहरी में धरना, मिलरों-अधिकारियों की साठगांठ पर गंभीर आरोप
सोनभद्र। धान खरीद सीज़न के बीच किसानों की परेशानियों को लेकर क्षेत्र में नाराज़गी बढ़ती जा रही है। इसी क्रम में किसान नौजवान संघर्ष मोर्चा ने मंगलवार को शाहगंज-डोहरी में जोरदार धरना देकर धान लिमिट बढ़ाने की मांग उठाई। इससे पहले संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने घोरावल विधानसभा के कई केंद्रों का निरीक्षण किया और किसानों की समस्याएं सुनीं।
धरने का नेतृत्व मोर्चा के संयोजक संदीप मिश्रा ने किया। उन्होंने कहा कि किसानों को वर्तमान 10 कुंटल प्रति बीघा लिमिट में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मिश्रा ने स्पष्ट कहा—
“किसानों का उत्पीड़न अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। लिमिट को तत्काल बढ़ाकर 20 कुंटल प्रति बीघा किया जाए और सत्यापन के नाम पर किसानों को भटकाने की प्रक्रिया बंद हो।”
उन्होंने अधिकारियों और मिलरों के बीच साठगांठ का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि प्रशासन मिलरों के स्टॉक की जांच करा दे तो धान खरीद की वास्तविक स्थिति सामने आ जाएगी। मिश्रा ने एसमाई केंद्रों पर मिलरों से मिलीभगत और किसानों के शोषण की शिकायत भी की और इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की।
धरने में सत्रुधन बिंद, विवेक जाटव, विजय चौहान, भोलू गुप्ता, अशोक पाण्डेय, रामजी मिश्रा, विजय बृजेश सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। सभी ने मिलकर धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाए जाने की मांग दोहराई।
प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल से वार्ता करते हुए आश्वासन दिया कि उठाई गई सभी मांगों पर समीक्षा कर उचित कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, आगे की कार्रवाई के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने की भी बात कही गई।
धरने के बाद यह संदेश स्पष्ट हुआ कि किसान अपनी समस्याओं को लेकर न सिर्फ सजग हैं बल्कि एकजुट होकर संघर्ष के लिए तैयार भी हैं। उम्मीद है कि प्रशासनिक स्तर पर ठोस कदम उठने से क्षेत्र में कृषि से जुड़ी दिक्कतें जल्द दूर होंगी।







