युवती का साहसिक फैसला, बोली– लोभियों के घर नहीं करूंगी शादी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

अमित मिश्रा

O- दहेज की मांग पर टूटी सगाई: सोनभद्र में युवती का साहसिक फैसला, बोली– लोभियों के घर नहीं करूंगी शादी

सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। जिले में दहेज प्रथा के खिलाफ एक साहसिक उदाहरण सामने आया है, जहां सगाई समारोह के दौरान अतिरिक्त दहेज की मांग किए जाने पर एक युवती ने मौके पर ही रिश्ता तोड़ दिया। युवती के इस फैसले की क्षेत्र में व्यापक चर्चा हो रही है और लोग उसके साहस की सराहना कर रहे हैं।

मामला राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार राबर्ट्सगंज कस्बे के विकास नगर निवासी गोपाल मौर्य के पुत्र विनय मौर्य की शादी राबर्ट्सगंज की एक युवती से तय हुई थी। आरोप है कि शादी की बातचीत के दौरान गहने बनवाने के नाम पर वर पक्ष द्वारा पहले ही चार लाख रुपये नगद लिए गए थे। इसके बाद छह मार्च को राबर्ट्सगंज स्थित एक पैलेस में सगाई समारोह का आयोजन किया गया।

सगाई कार्यक्रम के दौरान अचानक वर पक्ष की मां, बहन और लड़के ने युवती के पिता को अलग कमरे में बुलाकर सगाई आगे बढ़ाने से पहले अतिरिक्त दो लाख रुपये तत्काल देने की मांग कर दी। लड़की पक्ष द्वारा तत्काल इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई गई और बाद में देने की बात कही गई, लेकिन इस पर वर पक्ष के लोग नाराज हो गए और कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने लगे।

दहेज की इस मांग से आहत युवती ने हिम्मत दिखाते हुए मौके पर ही साफ शब्दों में कहा कि वह ऐसे दहेज लोभी परिवार में शादी नहीं करेगी और वहीं सगाई तोड़ दी। युवती के इस निर्णय के बाद समारोह में मौजूद लोग भी हैरान रह गए।

मामले में लड़की पक्ष ने कोतवाली राबर्ट्सगंज में लिखित शिकायत दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई जा रही है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना समाज में व्याप्त दहेज प्रथा पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है और साथ ही युवती के साहसिक कदम को दहेज के खिलाफ मजबूत संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Comment

1381
वोट करें

भारत की राजधानी क्या है?