अमित मिश्रा
सोनभद्र (उत्तर प्रदेश)। सोनभद्र जिले में अवैध खनन के खिलाफ खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए माफियाओं पर सख्त प्रहार किया है। चोपन थाना क्षेत्र में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान तीन ओवरलोड बालू लदे ट्रकों को जब्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, खनन इंस्पेक्टर अतुल दुबे के नेतृत्व में टीम ने बैरियर पर जांच के दौरान संदिग्ध ट्रकों को रोका। जांच में सामने आया कि ट्रकों के पास न तो कोई वैध कागजात थे और न ही निर्धारित लोडिंग मानकों का पालन किया गया था।
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि तीनों ट्रकों में करीब 700 फीट से अधिक बालू लदी पाई गई, जो नियमों का खुला उल्लंघन है।
क्या बोले वरिष्ठ खनन अधिकारी कमल कश्यप
वरिष्ठ खनन अधिकारी कमल कश्यप ने सख्त लहजे में कहा – “जनपद में अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जो भी नियमों का उल्लंघन करेगा, उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान लगातार जारी रहेगा।”
तत्काल कार्रवाई करते हुए खनन विभाग ने तीनों ट्रकों को सीज कर चोपन थाने भेज दिया।
इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद इलाके में अवैध खनन और ओवरलोडिंग करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है। विभाग की इस सख्ती को माफियाओं के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है।
अधिकारियों ने संकेत दिया है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






