म्योरपुर/सोनभद्र। शिक्षा क्षेत्र म्योरपुर अंतर्गत कंपोजिट विद्यालय जामपानी में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं कक्षा 8 के छात्र-छात्राओं का विदाई समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि उदय कुमार, जिला प्रतिनिधि भाजपा मोहरलाल खरवार एवं मंडल उपाध्यक्ष शिवदास रौनियर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानाध्यापक अवनी कुमार ने सभी अतिथियों का अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत एवं सम्मान किया। मुख्य अतिथि सुनील कुमार सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि वे आगे की पढ़ाई पूरे मनोयोग से करें और जहां भी रहें अपने परिवार व गांव का नाम रोशन करें। इस दौरान विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों को भी अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। विदाई समारोह में कक्षा 8 के विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस मौके पर सहायक अध्यापक केसरी नंदन, राजेंद्र प्रसाद, भोला प्रसाद, शिक्षा मित्र विगनाथ सिंह, नीतू देवी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण एवं न्याय पंचायत के शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहायक अध्यापक केसरी नंदन द्वारा किया गया।






