अमित मिश्रा
शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को अधिकारियों को किया निर्देशित
सोनभद्र। जनपद पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम के दौरान आम नागरिकों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित व प्रभावी समाधान के निर्देश दिए।
एसपी मीणा ने जनसुनवाई के दौरान प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारियों व अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया कि “सभी शिकायतों का निस्तारण निष्पक्षता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए।” उन्होंने कहा कि जिन मामलों का निपटारा थाना स्तर पर संभव है, उन्हें तुरंत हल किया जाए ताकि लोगों को बार-बार पुलिस मुख्यालय न आना पड़े।
महिला हेल्पडेस्क को और बनाया जाए प्रभावी
एसपी मीणा ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि महिला हेल्पडेस्क को अधिक संवेदनशील और कारगर बनाया जाए, ताकि महिलाओं व पीड़ितों को तुरंत सहायता मिल सके। उन्होंने कहा, “जनता के प्रति पुलिस की जवाबदेही बनाए रखनी है, ताकि आमजन का विश्वास हम पर बना रहे।”
थाना स्तर पर ही हो समस्याओं का समाधान
जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित जनसुनवाई करें और लोगों की समस्याओं का तुरंत निस्तारण करें। इससे पुलिस-जनता के बीच सहयोग और विश्वास बढ़ेगा।
एसपी मीणा ने कहा कि “जनता की शिकायतें हमारी प्राथमिकता हैं। हमारा लक्ष्य है कि हर नागरिक को न्याय मिले और उनकी समस्याओं का समाधान शीघ्र हो।”
इस कार्यक्रम के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर यह साबित किया कि “जनता की सेवा ही सच्ची पुलिसिंग है।”







