वीरेन्द्र कुमार
O- जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
O- जर्जर भवन, शिक्षक संकट और निष्क्रिय प्रबंध समिति पर परिषद ने जताया रोष, कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी
विंढमगंज (सोनभद्र) । भारती इंटरमीडिएट कॉलेज में लंबे समय से जारी कुप्रबंधन, शिक्षकों की भारी कमी, जर्जर भवन और हाल ही में किए गए मनमाने स्थानांतरण को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने बुधवार को जिलाधिकारी के नाम एक विस्तृत ज्ञापन एडीएम को सौंपा। परिषद ने इन सभी मुद्दों पर त्वरित जांच और कठोर कार्रवाई की मांग उठाई है।
ABVP ने ज्ञापन में बताया कि झारखंड सीमा पर स्थित यह कॉलेज पिछड़े और आदिवासी बहुल क्षेत्र का इकलौता अर्द्ध-वित्तपोषित संस्थान है। कभी यहां 2,000 से अधिक विद्यार्थी अध्ययन करते थे, लेकिन पिछले 12 वर्षों में निष्क्रिय प्रबंध समिति, प्रशासनिक उदासीनता और जर्जर भवन के कारण छात्र संख्या घटकर लगभग 1,000 रह गई है।
परिषद ने आरोप लगाया कि गंभीर शिक्षक संकट के बावजूद अंग्रेजी के एकमात्र शिक्षक दिनेश मणि त्रिपाठी और गणित शिक्षक चंदन प्रजापति का अचानक स्थानांतरण कर दिया गया, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। परिषद ने इन स्थानांतरणों की जांच और शिक्षकों की तत्काल नियुक्ति/प्रतिनियुक्ति की मांग की।
ज्ञापन में परिषद ने प्रमुख मांगें उठाईं,
- प्रधानाचार्य, शिक्षक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सभी रिक्त पदों पर नियमित भर्ती
- अत्यंत जर्जर विद्यालय भवन का ध्वस्तीकरण व नया भवन निर्माण
- विद्यालय परिसर व खेल मैदान की भूमि संरक्षण, तथा जामपानी स्थित भूमि को कब्जामुक्त कराना
- लगभग 12 वर्षों से निष्क्रिय प्रबंध समिति के आय-व्यय की स्वतंत्र जांच
- प्रबंध समिति को भंग कर कॉलेज को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज का दर्जा
ABVP ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई नहीं करता, तो परिषद छात्रहित में आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में अनमोल सोनी (प्रांत कार्यसमिति सदस्य), नितेश गुप्ता (जिला संयोजक दुद्धी), तहसील संयोजक राहुल जालान, नगर मंत्री आदर्श पाठक, रजत, विवेक सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।







