सोनभद्र। माँ वैष्णो मॉडर्न पब्लिक स्कूल के लिए यह अत्यंत गौरव, हर्ष एवं सम्मान का विषय है कि विद्यालय की मेधावी छात्रा आकृति गुप्ता ने प्रतिष्ठित ऑल इण्डियन सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जामिनेशन-2026 में शानदार सफलता प्राप्त की है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावक एवं समूचा क्षेत्र गौरवान्वित हुआ है।
आकृति गुप्ता का चयन सैनिक स्कूल अमेठी (उत्तर प्रदेश) में हुआ है, जो अनुशासन, नेतृत्व, चरित्र निर्माण एवं राष्ट्रभक्ति के लिए प्रसिद्ध है। ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश प्राप्त करना किसी भी छात्र के लिए गर्व का विषय होता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सत्य देव कुमार श्रीवास्तव ने अपने वक्तव्य में कहा यह उपलब्धि हमारे समर्पित शिक्षकों, परिश्रमी छात्रा एवं सहयोगी अभिभावकों के संयुक्त प्रयास का परिणाम है। आकृति की सफलता यह प्रमाणित करती है कि जब विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक एक साथ मिलकर कार्य करते हैं, तो सफलता निश्चित होती है।
विद्यालय के प्रबंधक रमाशंकर दुबे ने अपने संदेश में कहा माँ वैष्णो मॉडर्न पब्लिक स्कूल सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षकों की निष्ठा, समर्पण और मार्गदर्शन ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।






