अमित मिश्रा
जनपदवासियों से भी स्व-गणना में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील
16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से स्वयं भरें अपने परिवार की जानकारी
1 दिसंबर से 4 जनवरी तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर की जाएगी जनसंख्या गणना
सोनभद्र(उत्तर प्रदेश)। जनपद में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के अंतर्गत स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित की जा रही है। इसी के तहत जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्वयं स्व-गणना पोर्टल पर अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी दर्ज कर स्व-गणना की प्रक्रिया पूर्ण की तथा जनपदवासियों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। सभी जनपदवासी स्व-गणना पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपनी एवं अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करें। स्व-गणना के माध्यम से नागरिक सुविधाजनक तरीके से अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन भर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि स्व-गणना की प्रक्रिया में सर्वप्रथम आधिकारिक पोर्टल खोलकर अपनी सुविधानुसार भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण कर परिवार के स्थान का सत्यापन करते हुए निर्धारित 40 प्रश्नों के उत्तर सावधानीपूर्वक भरने होंगे। सभी जानकारियों की जांच करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। स्व-गणना पूर्ण होने पर प्राप्त पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखें तथा प्रगणक के घर आने पर उन्हें उपलब्ध कराएं, जिससे आवश्यक सत्यापन किया जा सके।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण का कार्य 22 मई से 20 जून 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा चुका है। द्वितीय चरण में 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध है। इसके पश्चात 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना की जाएगी तथा 05 से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण का कार्य संपन्न होगा।
जनपद में जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए कुल 16 चार्ज अधिकारी नामित किए गए हैं, जिनमें 04 ग्रामीण एवं 12 नगरीय चार्ज शामिल हैं। जनपद में कुल 4,469 गणना ब्लॉक निर्धारित किए गए हैं। इस महत्वपूर्ण कार्य के लिए 4,428 कार्मिकों की तैनाती की गई है, जिनमें 3,781 प्रगणक एवं 647 सुपरवाइजर शामिल हैं। सभी संबंधित कार्मिकों का प्रशिक्षण पूर्ण कराया जा चुका है। प्रशिक्षण कार्य के लिए 02 मास्टर ट्रेनर एवं 68 फील्ड ट्रेनर भी नियुक्त किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों से अपील की कि वे 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया अवश्य पूर्ण करें तथा प्रगणकों को सही, सटीक एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर इसे सफल बनाने में सहयोग प्रदान करें।








