139वें एपिसोड में जल संरक्षण, स्वदेशी उत्पाद स्वास्थ्य सेवाओं का किया आह्वान, बूथ संख्या 17 पर हुआ आयोजन
सोनभद्र। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड में जल संरक्षण, स्वच्छता, स्वदेशी उत्पादों, स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर अपने विचार रखे।
इस दौरान भारतीय जनता पार्टी सोनभद्र नगर मंडल के आदर्श इंटर कॉलेज शक्ति केंद्र के बूथ संख्या 17 पर सभासद विनोद सोनी के आवास पर कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुना। इसमें विधानसभा विस्तारक अरुण कुशवाहा भी शामिल रहे।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम के 12 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि यह यात्रा देशवासियों के परिश्रम, सेवा और समर्पण की प्रेरक कहानियों को सामने लाने का माध्यम बनी है। उन्होंने उत्तराखंड में नदी पुनर्जीवन के प्रयासों की सराहना करते हुए जल संरक्षण और पौधारोपण में जनभागीदारी पर जोर दिया।
उन्होंने त्योहारों पर स्थानीय कारीगरों के उत्पाद खरीदने और स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता देने की अपील की। स्वास्थ्य सेवाओं में तकनीक के उपयोग, ई-संजीवनी के माध्यम से दूरस्थ चिकित्सकीय परामर्श और वैज्ञानिक अनुसंधान की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। प्रधानमंत्री ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर आयोजित होने वाली एकता दौड़ में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद नगर महामंत्री पीयूष त्रिपाठी ‘अनुपम’ ने विधानसभा विस्तारक अरुण कुशवाहा का अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में नगर महामंत्री पीयूष कुमार त्रिपाठी, नगर मंडल मंत्री संतोष भारती व रीता गुप्ता, पूर्व उपाध्यक्ष अशोक भारती, शक्ति केंद्र संयोजक अविनाश शुक्ला, जोगिया वीर शक्ति केंद्र संयोजक अनुराग सिंह बंटी, दुर्गेश केडिया, अजीत पाल सिंह, संदेस पटेल, कृपा शंकर शर्मा और विनोद सोनी उपस्थित रहे।









